नई दिल्ली। कोरोना के इस आपदा काल में मानसून की अच्छी खबर आई है, जो लोगों को राहत दे सकती है। मानसून अपने निर्धारित समय से केरल के तटीय क्षेत्र तक पहुंचेगा। मानसून के ताजा पूर्वानुमान से कृषि क्षेत्र और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। किसानों के लिए आगामी फसल वर्ष के शानदार होने की संभावना है। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के सचिव एम. राजीवन ने गुरुवार को बताया कि चालू सीजन में मानसून अपने निर्धारित समय पर एक जून को केरल पहुंच जाएगा।
भारतीय मौसम विभाग ने मानसून को लेकर जारी अपने पहले पूर्वानुमान में दावा किया है कि इस बार मानसून पूरे देश में जमकर बरसेगा। मानसूनी हवाएं उसी के अनुरूप चल रही हैं। मौसम विभाग आगामी 15 मई को मानसूनी हवाओं की चाल, बादलों में जल की मात्रा और देश के किन हिस्सों में कितनी बारिश होगी, का ब्योरा जारी करेगा।